Monday, October 17, 2011

शिवपुर की वो शाम

पिछले महीने जब बनारस गये थे तो दो दिन गुडिया के घर शिवपुर में बिताये थे. ढेर सारी बातें और ढेर सारा खाना ,सहज आत्मियता में डूबे दिन थे.उस घर की छत खूब खुली खुली थी और आस पास का परिवेश ग्रामीण न होते हुये भी गांव की याद दिलाने वाला था.हम छत पर बैठे थे और उस खुली छत मे घिरती सांझ भी मन में कैसा तो उजाला भर रही थी.घर लौटती चिड़ियों की आवाज लोक गीत सी भीतर तक उतर रही थी.धीरे धीरे गहराते अंधेरे के साथ ही एक एक कर तारे मुडेंर पर आ,नीचे झांकने लगे थे. दूर तक नजर आते निष्कलुष आसमान के वे दूर देश के वासी तारे भी कितने अपने लग रहे थे और तभी दिखे मुट्ठी भर भर जुगनू.कितने अरसे बाद मुलाकात हुई थी जुगनुओं से.बगल के खाली प्लाट में उगे जंगली पौधों और झाड़ियों के बीच ऐसे टिमटिमा रहे थे जैसे रौशनी के फूल उग आये हो .सड़क पार के उस ऊंचे नीम के पेड़ पर तो जैसे पूरी बस्ती ही बस गयी थी जुगनुओं की.और फ़िर इक्का दुक्का जुगनू छत का भी चक्कर लगा गये.ऐसा लगा बहुत दिनों बाद किसी पुराने दोस्त से मुलाकात हो गयी हो.
इतने लम्बे समय बाद दिखे जुगनू हमे याद दिला गये बीर बहूटी की.वो जो हमारी बचपन की बरसातों का अटूट ,नर्मो नाजुक हिस्सा हुआ करती थी.नन्हीं सी लाल लाल ,मखमली सी बीर बहूटी बरसात होते ही गीली मिट्टी में न जाने कहां से उग आती थी और हम सब उसके बिल्कुल पास बैठे उसका धीरे धीरे चलना देखते रहते थे.वह हमारे लिये बरसात का एक नायाब तोहफ़ा हुआ करती थी.उसे ज्यादा से ज्यादा समय देखने के लालच में हम बिना ढक्कन की डिब्बियों में गीली मिट्टी बिछा उसे सावधानी से उसमे रख लेते थे .पता नहीं कहां चली गयी है बीर बहूटी अब.बचपन के बाद दिखलायी ही नहीं पड़ी.माटी शायद अब उतनी सोंधी नहीं रह गयी.देखो ,बीर बहूटी तुम तो नहीं आती अब पर अपने भीतर की डिबिया में माटी ,वही वाली माटी बिछाये हम अब भी तुम्हारा इन्तज़ार करते हैं.
ये जुगनू क्या दिखे कि अपने साथ न जाने कौन कौन से भूले बिसरे कोनो को उजियारा दिखा गये.अचानक याद आ गयी सर्दियों मे किताबों के पन्नों के बीच की वह ऊन की गुड़िया.तब तो बस अम्मा,चाची लोगों के हाथ के बुने स्वेटर हुआ करते थे.और हर सर्दी उधेड़ कर एक बार फ़िर कुछ नये ढंग से बनाये गये स्वेटर भी कितने गर्म हुआ करते थे.और सबके स्वेटर से उठते फ़ुन्नों को नोच नोच कर बनती थी वह गुड़िया.और हिन्दी लिखने की वह पीतल वाली निब ,जिसे हमारी तिवारी मास्टर साहब दीवार पर घिस कर तिरछा करते थे कि लिखते समय छपे अक्षरों जैसा फ़िनिश आये.और अंग्रेजी लिखने वाले जी निब.स्कूल के बगल वाले खाली प्लाट मे उगा लाल ,बैंगनी मकोई का जंगल और उसे खाने के लिये दीवार फ़ांदने की होड़.पता नहीं यह बचपन भी पुरानी होती दीवारों के बीच किस किस दरार से उग आता है.


pic by sunder iyer

Sunday, August 14, 2011

रात रानी की महक

हमारे छज्जे पर की रात रानी आजकल खूब फूल रही है. सांझ गहराते ही, उसकी महक हवा में घुलने लगती है. हवा का हल्का सा झोंका चला नहीं कि इसकी तन्वंगी काया लरज लरज उठती है और साथ ही खिल उठते हैं खुशबू के अनगिनत फूल. पास से गुजरने भर की देर है कि महमहाती खुशबू दामन थाम लेती है और हम अवश से इसके करीब बैठ जाते हैं, फिर होता है सपनीला अंधियारा, हल्के नशे में डुबोती गंध, एक मीठी चुप और अनाम सुख में आकंठ डूबे हम. कितनी सुखद अनुभूति है, सच शब्दातीत.कतरा कतरा महक रोम रोम में घुलती जाती है और हम आँख बंद किये किसी और ही दुनिया में होते है. अपना आप ज्यों बादल का टुकड़ा और धरती से दूर नक्षत्रो  तलक खिंच जाती है खुशबू की आकाश गंगा .हौले हौले डोलते हम अशरीरी हो उठते  है.हे ईश्वर  कितने सारे  तो खूबसूरत संबल दिए है तुमने हमें, फिर भी यह आदमी का मन न कातर होना छोड़ पाता है न शिकायत करना .
एक झाड़ और है रात रानी का जिसकी महक बरसों बाद आज भी मेरे भीतर तरो ताजा  है--पिथोरागढ़ की उस झंझावाती रात गेस्ट हाउस के बाहर घुप अँधेरे में अदृश्य रात रानी की  सर्वव्यापी महक. उस रात जब हमारी जीप पहाड़ के सकरे सर्पीले रास्तो पर पिथोरागढ़ की और बढ़ रही थी तो बादल यूं टूट कर बरस रहे  थे जैसे या तो वे खुद समाप्त हो जायेंगे या बाकी सब कुछ ख़त्म कर के दम लेगे. अन्धेरा इतना गहरा की जीप की हेडलाईट के परे बालिश्त भर आगे भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा था. मन में एक डर खदबदा रहा था कि बगल में सट कर चलती ऊंची ऊंची चट्टानों की कतारों में से किसी एक का मन अगर ऊपर से कूद जाने का हुआ तो...बस हम लोग उस डर को वहीं दाब देने की कोशिश करते. चट्टान तो नहीं पर रास्ते भर बादल के टुकड़े जीप के सामने रास्ता रोक रोक खड़े हो जाते थे.और हवा ...उफ़ जैसे छाती पर हाथ मार मार, बाल खोले, सिर पटक पटक विलाप कर रही हो. हम जैसे तैसे सही सलामत ठिकाने पर पंहुच गये और जब फ़्रेश हो, हाथ मे काफ़ी का प्याला ले गेस्ट हाउस के बराम्दे में आये तो बारिश थम चुकी थी और हवा में गुच्छा गुच्छा महकती रात रानी की गन्ध जैसे पूजा की थाली मे रखे प्रसाद सी मिली थी हमें...







Wednesday, April 13, 2011

एक सुबह.....


हमें अच्छे लगते हैं अलस सुबह पौ फ़टने से पहले खुली हवा मे अपने साथ बिताये कुछ पल. खुली छत पर बस हम होते हैं, आहिस्ता आहिस्ता डोलती हवा और उपर छाया आसमान. आस पास की किसी छत पर कोई नही होता उस समय, ना ही कोई नज़र आता है नीचे सड़को पर. वे पल मेरे बेहद निजी होते हैं. हर सुबह होती है कुछ अलग. अब आज की ही बात लो. रात बारिश हुयी थी . तेज हवाये भी चली थी. सुबह नम थी और छत ठंडी. तलुवों से ठंडक धीरे धीरे उपर को चढ रही थी. हथेलियों मे बूंदे सहेजे हवा चेहरे को सहला रही थी और उपर छाये आकाश का रंग गाढा नीला था कुछ बैंगनी की ओर झुकता सा,और दिनों से बिल्कुल अलग. दो ऊंची छतो के बीच से झांकता पूरब के आकाश का वह कोना आज गुलाबी के बजाय हलके पीले रंग मे चमक रहा था. यूं तो महानगरो में आकाश को जीने का आनन्द बस मुट्ठी भर हो कर रह जाता है पर फ़िर भी नज़र भर आसमान देखने को मिलता है यही क्या कम हैं. खुशियों की तलाश में तमाम उम्र भी नाकाफ़ी हो सकती है और पल की खुशी भी उम्र के समूचे फ़लक पर छा सकती है.

Monday, February 14, 2011

चामुन्डा देवी मे वो दोपहरी............



दिन का दूसरा पहर हो चला था जब हम लोग चम्बा के चामुन्डा देवी मन्दिर पहुचे .यदि उस मन्दिर के पीछे बने नागर शैली वाले शंकर भगवान के मन्दिर पर नजर नही पड़ी होती तो शायद हम लोग मोड़ से आगे की चढाई चढते चले गये होते.
पत्थर के ऊंचे चबूतरे पर छोटा सा पहाड़ी शैली मे काष्ठ निर्मित माता का मन्दिर. चबूतरे से नीचे जाती सात आठ सीढीयां एक और थोड़ा बड़े चबूतरे पर उतर रही थी और उसके नीचे बड़े बड़े गोल पत्थरो का खुला सा प्रांगण.मंदिर के चबूतरे से घाटी मे छितरा हुआ चम्बा उतरते दिन की धूप मे ऊंघता हुआ लग रहा था.नीचे बहुत नीचे बहती रावी की पतली सी धारा सामने की पहाड़ियों से कुछ यूं लिपट कर बहती दिखायी दे रही थी जैसे मजबूत कन्धो पर सिर टिकाये सोती आशवस्त किशोरी.दूर बहुत दूर पहाड़ियों की चोटियों के परे घर लौटती सूरज की किरणे बादलों के पास पहुचते ही जैसे शरारत से भर उठती और उन्हे अपने नर्म स्पर्शो से गुदगुदा जाती.बादलो का चेहरा आल्हाद से भर कैसा रौशन हो उठता और वे सिकुड़ते सिमटते एक दूसरे को धकियाते हुये इधर उधर भागने लगते.

मंदिर मे उस समय भीड़ बिल्कुल नही थी.चारो ओर एक मीठी सी चुप पसरी हुई थी. मंदिर के प्रांगण मे पीपल का एक भरा पूरा पेड़ उसके चारो ओर बने गोल चबूतरे पर लाल कपड़ो मे लिपटी कुछ मूर्तियां और हवा की मद्धम मद्धम धुन पर थिरकते पीपल के ताज़ा हरे पत्ते सब मिल भरोसे और विश्वास का एक कवच बुन रहे थे.यूं ही सिर उठा कर ऊपर देखा तो नीले चमकते आसमान ने जैसे अभय मुद्रा मे हाथ उठा दिया.हमे नही मालूम वह असर मन्दिर की पवित्र देहरी का था,चारो ओर से हमे घेरे प्रक्रिति के खूबसूरत ताज़ातरीन द्रिश्यो का था या दूर दूर तक फ़ैली शान्ति का पर वे कुछ पल किसी करिश्मे से कम नही थे जब हम खुद से और अपने आस पास से इतना सामंजस्य अनुभव कर रहे थे,एकाकार होने की अनुभुति.
यह मन्दिर सत्रहवी शताब्दी मे राजा उम्मेद सिंह ने बनवाया था.मन्दिर के एक ओर पक्की सड़क है जिससे किसी भी वाहन द्वारा वंहा तक पंहुचा जा सकता है और दूसरी ओर तीन सौ से भी अधिक सीढीया है जो चम्बा नगर की ओर उतरती है.कहते है पहले मंदिर तक केवल इन्ही सीढीयो द्वारा पंहुचा जा सकता था.वे पहाड़ियां जिन पर मंदिर स्थित है उन्हे शाह मदार के नाम से जाना जाता है.मंदिर मे कई पौराणिक संदर्भ बहुत सी सुन्दरता से उकेरे हुये है.
मंदिर एतिहासिक एवंम स्थापत्य द्रिष्टिकोण से तो महत्वपूर्ण है ही लेकिन मेरी यादो मे यह एक अलौकिक अनुभव के रूप मे हमेशा बना रहेगा.





(pics copyright-sunder iyer)

Monday, January 31, 2011

कालाटोप मे एक दिन..................


डलहौजी के पास कालाटोप गांव की वह सुबह जब भी याद आयेगी, मन को तरो ताजगी से भर जायेगी। नहीं केवल ताजगी से नहीं, उस दिन तो बाहर से भीतर तक की लम्बी यात्रा हुई।

रात जम कर बारिश हुई थी। दूर पहाड़ो पर बर्फ़ भी गिरी थी पर सुबह एकदम धुली-धुली निखरी हुई थी। मुख्य रास्ता छोड़ हम जैसे ही कालाटोप जाने वाली पगडंडी पर मुड़े तो जैसे बाकी सब केवल पीछे ही नहीं छूटा वरन धुल पुंछ गया। सर्पीली पगडंडी के एक ओर नीचे गहरी घाटी और दूसरी ओर पहाड़ियां। पहाड़ियों पर खड़े ऊंचे लम्बे चीड़ और देवदार के पेड़, इतने ऊंचे, इतने ऊंचे कि फ़ुनगी को देखने के लिये जमीन पर सीधा लेटने की जरूरत मह्सूस होने लगे। अन्तहीन ऊंचाई पर पसरा आसमान पेड़ों की फ़ुनगियों पर चुनरी सा टिका हुआ था। दूसरी ओर घाटी में भी इन पेड़ों का सघन विस्तार था, इतना घना कि नीचे झांकने पर धरती कहीं नज़र ही नहीं आ रही थी। घाटी में खड़े पेड़ों की फ़ुनगियां तो जैसे पहाड़ियों पर खड़े पेड़ों को चुनौती देने को लालायित दिख रही थीं पर उनका तना शुरू कहां से हो रहा था यह देख पाना भी सम्भव नहीं था। इतनी अतल गहरायी थी घाटी की। इन दोनों के बीच की पगडंडी मे खड़े थे हम। घाटी के पेड़ों के उस पार चमक रहा था सुबह का सूरज। सुई से पत्तों के सिरों किनारों पर पिछली रात की बरिश की बूंदे जड़ी हुई थीं और जंगल के बीच से छन कर आती सूरज की रौशनी में हीरों सी चमक रही थी। अद्भुत दृश्य था, वर्णनातीत, शब्दों की पहुंच से बहुत दूर।

हम दोनों के अलावा वहां उस समय कोई और नहीं था, निःशब्दता भी जैसे दूर से आती बांसुरी की धुन सी मन मे घुल रही थी। चारों ओर जंगल पर पसरी खामोशी डरा नहीं रही थी वरन गुनगुना रही थी। वैसे सन्नाटा था ही कहां, आहिस्ता आहिस्ता एक एक पांखुरी खोलते फ़ूल सा मन धीरे धीरे विस्तार पा रहा था। अनहद नाद की गूंज की शुरुआत सा कुछ करवट ले रहा था भीतर।

पगडंडी पर आगे बढे तो एक मोड़ पर पहाड़ियों की तरफ़ कुछ ऊंचाई पर छोटा सा घास का हरा भरा मैदान था जिस पर एक बेंच पड़ी हुई थी। हम कुछ देर के लिये उस पर बैठ गये। घाटी के जंगल में कहीं दूर एक चिड़िया बोली और चारों और पसरा मौन जलतरंग सा बज उठा। सुंदर उन दृश्यों को कैमरे मे कैद कर रहे थे और हम उन्हें भीतर तक उतार रहे थे। कच्ची पगडंडी पर हम और आगे चले। घाटी के जंगल से छन कर आती रौशनी की शहतीरें, नम अंधियारा और कोमल उजास मिल कर कुछ ऐसा तिलिस्म रच रहे थे कि लग रहा था कि यह बलखाती पगडंडी हमे ले जा कर किसी अनमोल खजाने के दरवाजे पर खड़ा कर देगी और सच ऐसा ही हुआ।

रास्ता जा कर खत्म हुआ वन विभाग के रेस्ट हाउस के गेट पर। गेस्ट हाउस के सामने से निकल थोड़ा नीचे उतर हम लोग जहां पहुचे वहां एक-दो छोटी चाय की दुकानें और कैन्टीन वगैरह थी। थोड़ा और नीचे उतर कर था दस बारह घरों का एक छोटा सा गांव और उसके बाद पहाड़ियां नीचे उतर सीधे घाटी मे समा गयी थीं। धुन्ध में लिपटी विस्त्रित घाटी के उस पार थी बादलों के लहराते आंचल के बीच से लुका छिपी खेलती बर्फ़ से सजी पहाड़ो की चोटियां, सूरज की रौशन उगलियां बर्फ़ पर ऐसे चमकते कसीदे काढ रही थी की अपना आप भी चमकता हुआ लगने लगा। खिलंदड़े बच्चों से इधर उधर भागते बादलो ने तो जैसे ठान रखा था कि वे पलक झपकाने का भी समय नही देंगे और हर पल एक नया दृश्य सामने लायेंगे।

हम चाय का कप हाथ मे ले बेंच पर बैठे सामने मंच पर घटित होता जैसे कोई नाटक देख रहे थे। इतनी तेजी से दृश्य बदलते थे, हर पल एक नया रूप सौन्दर्य का सामने होता था कि ठगे से बैठे रहने के अलावा कोई चारा ही नहीं था और फ़िर अचानक बादलों ने बरसने की ठान ली। मोटी-मोटी बूंदे टपकने लगी। हम भाग कर वन विभाग की एक इमारत के छायादार चबूतरे पर चढ़ गये और खंबे से टिक आसमान का धरती को अपने रस मे सराबोर करना देखने लगे और लो अचानक यह क्या....बारिश थमी और पूरी घाटी इस सिरे से उस सिरे तक इन्द्रधनुष से खिल उठी। इतना बड़ा इतना साफ़, अपने सतरंगे कलेवर में यूं मुस्कराता इन्द्रधनुष हमने इससे पहले कभी नहीं देखा था।

मेरा मन एकबारगी बच्चों के तरह किलका और लगा दोनो हाथ फ़ैला दौड़ते हुये जाएं और इन्द्रधनुष को अपनी बांहो मे भर लें, अप्रतिम.....अद्भुत......कितना कुछ दे गया वह दिन।

पर कालाटोप की यात्रा अधूरी रह जायेगी उस नन्हें से गांव के जिक्र के बिना। मुश्किल से दस बारह घर होंगे। नीची नीची छतों वाले छोटे-छोटे घर जैसे खिलौने से लग रहे थे। पर सब में ताले पड़े हुये थे। एक घर का तो ताला भी एक दरवाजे पर लगी कुंडी से उपर चौखट पर लगा था पर दूसरा दरवाजा शायद हवा से खुल गया था। चौखट के भीतर कुछ गिनती के बर्तन कुछ कपड़े लौट के आने वालों की राह देख रहे थे। सर्दियां बढने से पहले, बर्फ़ तेजी से गिरने से पहले इस गांव के लोग हर साल ऐसे ही अपने घरो को ताले लगा, उन्हे अपने ग्राम देवता के हवाले कर नीचे उतर जाते है। बर्फ़ पड़ने पर यह गांव पूरी तरह बर्फ़ से ढक जाता है। यहां तब रहना नामुमकिन हो जाता है। हम पर्यटक तो अच्छे मौसम में प्राकृतिक सौन्दर्य का आनन्द ले वापस अपने घरो को लौट जाते हैं पर गांव के लोग बर्फ़ पिघलने पर फ़िर वापस आते हैं अपने घरों के दरवाजे छतें फ़िर ठीक करते हैं। सच कितना कठिन है ना साल दर साल यूं बिगड़ने बनने के दौर से गुजरना।





Thursday, August 13, 2009

यूं तो नया भी बहुत कुछ है लिखने को पर कभी कभी लगता है पुरानी यादो को भी सहेज के रखते ही चले .डायरी के पुन्ने तो पीले भी हो चले है और भुरभुरे भी इसीलिये उन्हे यहां उतार रहे है.और फ़िर जो स्थान आज से २४ साल पहले जैसे थे आज वैसे तो नही ही रह गये है तो उनका वह स्वरूप भी सहेज लेना चाहते है.
६.२.८५. ..................इलाहाबाद से जबलपुर की ओर बढ रहे है.रेलगाडी की खिड़की से भागते हुये द्रिश्यो को आंखो मे भर मन मे उतार लेना प्रारम्भ से ही अत्यंत प्रिय लगता रहा है हमें और फ़िर इस रास्ते के द्रिश्यो से तो प्रथम मिलन है हमारा.वैसे भी मध्य प्रदेश की लाल बजरी,काले स्लेटी शिला खंड ,अपने चमकते घाघरे का घेर पकड़ कुशल नर्तकी की तरह पल पल बदलती मुद्राओ एवं भंगिमाओ का सम्मोहन बिखेरती उछल उछल चट्टानो के सीने पर पैर रख अपने नुपुरों की मधुर ध्वनि से पलाश के वन गुंजाने वाली जल धाराये हमे सदा से ही अपनी ओर एक अद्रिश्य डोर से बरबस खींचा करती हैं.
शंकरगढ की सीमा प्रारम्भ होते ही अचानक आंखो के सम्मुख एक साथ सैकड़ो ज्योति पुंज झिलमिला उठे.सफ़ेद सिक्ता के ऊँचे ऊँचे टीले सूर्य की सुनहली रश्मियों के स्पर्श से जगमगा उठे थे.बीच बीच में चमकने वाले कण तेज स्फ़ुलिंग की तरह झट से मुस्कुरा उठते थे .ऐसा लग रहा था अपनी स्वर्णिम किरणो की अंजुरी बांध सूर्य ने धरती के आंचल में असंख्य बहुमूल्य रत्न उड़ेल दिये हो.
और देखो तो कितनी तेजी से द्रिश्य परिवर्तन हो रहा है.कैसी अद्भुत नाट्य्शाला है प्रक्रिति की .अभी कुछ पल पहले आंखे सुनहले रुपहले प्रकाश एवं रंगो के रेशमी तन्तुओं पर फ़िसल रही थीं और अब है जैतपुरा का यह लाल गेरुआ चूनर मे लिपटा रंग बिरंगा रूप.ढेर ढेर गेरु के पहाड़.हरे चमकीले पत्तो से लदे पेड़ो के झुरमुट मे बसे घरो की चटक दीवारे,लाल छते.कैसा अद्भुत और प्यारा सम्न्वय है रंगो का.इतने प्यारे रंग ऐसी प्यारी आभा वाले तो बस प्रक्रिति के ही कैनवस मे द्रिश्टिगोचर होते हैं.
पलाश के जंगल............और करौंदे की फ़ूली झाड़ियां .हवा में खट्टी मीठी गंध घुल रही है.कोमल कोमल हरी पत्तियों के बीच दंतुली खोल भोलेपन से मुस्काते छोटे छोटे फ़ूल.करौंदे की झाड़ी कैसी रससिक्त लगती है.अजीब लगेगा शायद कि भला झाड़ी का रस से क्या सम्बंध,पर है रस भी और शक्ति भी.साफ़ सुथरे बंगलो के कुशल हाथो से सवांरे गये लान में लगे डेहलिया,रजनीगंधा और चम्पा में रस है तो पर इतना महत्व पूर्ण कहां जितना पत्थरों की संगत में कांटों की छातीसे लिपट मुस्काते इन करौदों के नन्हे नहे फ़ूलो मे.मन कैसा खुशी से उमगता है प्रक्रिति की इन सौन्द्रावलियों के बीच.मन करता है दौड़ कर जायें उस थिरकती जल धारा केसंग ताल मिला ढेर सारी रुपहली झांझरो के नुपुर बजा अपना लाल हरा आंचल उड़ा इतना नाचें इतना नाचें कि आत्मसात कर ले यह प्रक्रिति हमें अपने भव्य व्यक्तित्व में.बस यूं हे घुल जाय हम इन अनाम फ़िजाओ में.