Showing posts with label #वृक्षपूजा. Show all posts
Showing posts with label #वृक्षपूजा. Show all posts
Wednesday, November 11, 2026
वृक्ष पूजा
आठ नवम्बर दो हजार छब्बीस को दीवाली थी इस बार। हम जब दस तारीख को अपने मोहल्ले के मंदिर गये तो मंदिर कम्पाउंड में लगे पीपल दादा सोमवती अमावस्या और प्रतिपदा की प्रदोष कालीन पूजा के चिन्हों से सजे-संवरे खड़े थे। हमारी लोक संस्कृति में वृक्षों में देवी-देवताओं का वास माना जाता रहा है और कतिपय वृक्षों एवं पौधों को वर्ष के कुछ निर्धारित दिवसों में देवी-देवताओं के समान पूजा जाता है। यूं वैज्ञानिक आधार पर हम सब परिचित ही हैं पेड़-पौधों की जीवन दायिनी शक्तियों से उनके औषधीय गुणों से किंतु आस्थाओं की डोर में उन्हें बाँध उनके संरक्षण को सुरक्षित करने की हमारी यह आदि सचमुच बहुत गहन एवं सात्विक है।
सोमवती अमावस्या का दिन अत्यंत पावन माना जाता है । इसका वर्णन हमारे पुराणों में भी मिलता है।कहा गया है ---अमावस्या यदा सोमे तदा पुण्यमनन्तकम्--- अमावस्या जब सोमवार को आती है, तब उसका पुण्य अनन्त हो जाता है। सोमवती अमावस्या के दिन महिलाएं पीपल वृक्ष के तने के चारों ओर कच्चे सूत को लपेटते हुए परिक्रमा करती हैं और घर-परिवार की खुशहाली एवं पति के दीर्घजीवी होने की प्रार्थनाएं करती हैं। अच्छा, कच्चा सूत ही क्यों। संभवतः इसलिए कि कच्चा सूत स्वच्छ एवं प्रकृतिक होता है और पूजा में शुद्ध ही वस्तुओं का प्रयोग किया जाता है। लेकिन मन के स्तर पर सोचे तो क्या ऐसा नहीं लगता कि कच्चा सूत अपेक्षाकृत कमजोर होता है और वह हमारे मन का प्रतिनिधित्व करता है। हम जब उसे पीपल के वृक्ष के तने के चारों ओर पूरी श्रद्धा और विश्वास से लपेटते हैं तो मन ही मन पीपल के देवत्व को नमन करते हुए यही विश्वास सुदृढ़ करते चलते हैं कि उसका सम्बल पा हमारा मन भी अधिक स्थिर होगा। प्रार्थनाओं का बल पा आस्थायें प्रगाढ़ होंगी।
जिस दिन की हम बात कर रहे हैं उस दिन तो पीपल वृक्ष के चारों ओर श्वेत कच्चे सूत के संग-संग लाल- पीले कलावा के धागों के भी घेरे थे। अमावस्या धी न तो पूर्वजों , पितरों को भी याद किया गया था। उन्हें भी जल अर्पण किया गया था। गुंधे हुए आटे से पीपल के तने पर विभिन्न आकृतियाँ उकेरी गईं थीं जैसे स्वासतिक, तारे, घर, मानवीय आकृतियांं। कुछ ने आटे को हल्दी मिला कर गूंधा था। लाल- पीले वस्त्र भी अर्पित किये गये थे। फूल, अक्षत, दीप आदि से पूजा सम्पन्न की गई थी।
सनातन परम्परा के अनुसार अमावस्या पितरों का दिन होता है। पितृगण सूक्ष्म रूप से वंशजों के समीप आते हैं और दान, तर्पण ,को स्वीकार करते हैं।
अमावस्या मात्र बाह्य अंधकार का नहीं आंतरिक अज्ञान के अंधकार का प्रतीक है। जब चंद्रमा अदृश्य होता है तो मन की चंचलता भी न्यूनतम् स्तर पर होती है। योगशास्त्र के अनुसार यह दिन—आत्मचिंतन, जप, मौन, धयान, उपासना के लिए अत्यंत उपयुक्त होता है।
पीपल के वृक्ष को तो हमारे ग्रंथों के अनुसार हमारे त्रिदेवों का पृथ्वी पर साक्षात अवतरण माना गया है।
मुलतो ब्रह्मरूपाय
मध्यतो विष्मुरूपिणे
अग्रतः शिवरूपाय
वृक्षराजाय ते नमः
अर्थात पीपल वृक्ष की जड़ में ब्रह्मा, मध्य भाग में विष्णु एवं सबसे ऊपर शिव वास करते हैं।
तो इस दीपावली ऐसा अद्भुत संयोग बन रहा था कि सोमवती अमास्या भी उसके अगले दिन पड़ रही थी, तिथि एवं समय की अवधि के अनुसार और इसीलिए ऐसी अद्भुत छटा बिखरा रहे थे हमारे पीपल देव। वैसे एक बात तो है जब भी हमारा साक्षात्कार ऐसे वृक्षों से होता है जिनके तने को मंगलकारी चिन्हों से अलकृंत किया गया हो, जिनकी शाखाओं में बाँधे गये मनौतियों के लाल-पीले धागे, झलमल गोटा किनारी वासी चीर हवा के संग धीरे धीरे चेल रही हो तो मन में एक अजब सा आश्वस्ति भाव पसरने लगता है। सात्विकता से भर जाता है मन।
कल्पना कीजिए आप किसी ग्रामीण इलाके की कच्ची पक्की सुनसान डगर पर अकेले चले जा रहे हैं और किसी मैदान को पार करते हुए आपके सम्मुख ऐसा ही पूजित, अक्षत, रोली, सिंदूर विभूषित आ जाय तो कैसा लगेगा आपको। आप बहुत थके हुए होंगे तो मन रेशमी धूप सी विश्रान्ति पसर जाएगी। मन में कोई झंझावत ठाठें मार रहा होगा तो जैसे उसका उछाल कम होता लगेगा। चिंता से मन उद्गिन होगा तो थोड़ी देर को तो शीतलता की अनुभूति होगी ही। ऐसा लगेगा कि जैसे आप अपनी समस्या, अपने दुःखों के संग अकेले नहीं हैं।
हम जिस समय की बात कर रहे हैं मंदिर के प्रांगण में अपेक्षाकृत कम ही लोग थे और मंदिर के पीछे की ओर जहाँ पीपल का पेड़ एवं शनि महाराज का मंदिर है वह तो लगभग जनशून्य ही था। और भी बड़े-भड़े वृक्ष हैं मंदिर प्रांगण में लेकिन उस दिन पीपल देव की छटा कुछ अलग ही थी और अलग ही था उनका प्रभाव। य़ूँ तो उनसे हमारी मुलाकात हर दूसरे- तीसरे दिन हो जाती है पर उस दिन बिल्कुल रूप अनूप धरे थे वे और सच मन जैसे दैवीय उपस्थिति को अनुभूत कर पा रहा था। पूजा अर्चना के उपादानों से विभूषित इन पावन वृक्षों का चेतना पर एक स्निग्ध प्रभाव पड़ता है। सदियों से तनी आ रही ये प्रथाएं हमें अपने अनदेखे अतीत से भी जोड़ती हैं और भावी के प्रति आश्वस्ति बोध भी देती हैं। भीतर की जड़ता बिखरती है, टूटती है और मन श्रद्धा से नत हो जाता है। ये हमारे रक्षक तो हैं हीं।
<
Labels:
#दीपावली,
#धर्म,
#धार्मिक,
#प्रथाएं,
#वृक्ष,
#वृक्षपूजा,
#सोमवती #अमावस्या
Subscribe to:
Posts (Atom)








