Wednesday, March 21, 2018

फगुनाया बौगनबिलिया

लोग कहते हैं, सुगंध फूल की आत्मा होती है और मैं सुगंधहीन हूं सो मैं बेजान सा हूं । न, मुझे सुगंधित फूलों से न शिकवा है,न शिकायत, न ही किसी प्रकार की ईर्ष्या । मैं केवल अपने होने को जीता हूं। और हां जब बात रंगो की आती है तो मुझे एक सम्पूर्ण पुष्प न मानने वालों के मुंह पर भी ताला जड़ जाता है। लाल, बैंजनी, रानी, पीला जैसा चटक रंग हो, कोमल गुलाबी, लजीला उन्नाबी हो या फिर शफ्फाक सफेद ही क्यों न हो, मेरा हर रंग सर चढ़ कर बोलता है—होली के गुलाल सरीखा । नहीं इतरा नहीं रहा हूं, बस बता रहा हूं।
वैसे आपको नहीं लगता कि कोमलता जैसे मुझमें समा सांसें लेती है। किसी क्लासिकल नृत्यांगना की आलता लगी हथेलियों सी मेरी नाजुक पांखुरियां जब हवा की धुन पर थिरकती हैं तो जैसे अपने आप को भुला दरवेशी हो जाती हैं, अपना घर दुआर त्याग बस उसमें जा मिलने को आतुर। देखा है आपने किसी और फूल को यूं अपनी खिली खिली काया ले माटी से गले आ लगते । जीवन का उत्सव और वैरागी मन दोनों सजो रखे हैं हमने अपने आप में। पर अभी तो फागुन मन में उतर आया है तो आइये जी भर कर रंग जियें।








All the pictures by Sunder Iyer. #Sunder Iyer. .

Tuesday, November 21, 2017

मेरा चंद्रजोत

माल्यवंत की पहाड़ी पर खड़े उस खंडहर की छत से जब उस सुबह तुम पर मेरी नजर पड़ी तो लगा जैसे रघुराम मंदिर के खूब खुले खुले प्रांगण में रात चुपके से कोई देवता कल्पवृक्ष रोप गया हो। तुम लग भी तो इतने पावन, इतने दैवीय रहे थे. जहां हम खड़े थे वहां से तुम कई फीट नीचे लगे थे पर सच कहें तो तुम्हारी ऊपर को उठी बाहें जैसे हम तक पहुंच रही थीं। नम भोर की ओस डूबी ताजगी में तुम्हारी पत्तियों का सब्ज रंग और उनके बीच हर टहनी, हर डाल में भरपूर फूले तारों जैसे सफेद नाजुक फूल, ऐसा लग रहा था जैसे आखर आखर वेद ऋचायें लिख गया हो कोई। उतने ऊपर से भी तुम्हारे नीचे बिछी,टपके हुये फूलों की धवल चादर साफ दिखायी पड़ रही थी। सच, सम्मोहित से खड़े रह गये थे हम।
और जब नीचे आ पास से महसूसा तुम्हें तो लगा तुमने मेरे भीतर ही जड़ें जमा ली हैं या फिर हम तुममें समाहित हो गये हैं। कितना अवर्चनीय सुखद अनुभव था। तुम खड़े थे सतर, निर्लिप्त और इक्का दुक्का फूल आहिस्ता आहिस्ता झर रहे थे – हल्की हरी और सफेद पतली, लम्बी डंडी के सिरे पर छोटी छोटी पांच सफेद पांखुरियां – हल्का, नाजुक, रेशमी फूल। तुम्हारी छाया में बैठ ऐसा लगा था जैसे अनवरत आशीर्वचनों की बौछार में भीग रहे हो—मन प्राण सब तृप्त, स्निग्ध । एकदम अलौकिक अनुभूति।
पता नहीं किस नाम से जाने जाते हो तुम। मैंने कोशिश की जानने की पर अभी तक तो पता नहीं चल पाया। पर हमें तुम उस उगती भोर में चंद्रजोत सरीखे लगे, सो मेरे नजदीक तुम्हारा नाम चंद्रजोत ठहरा।





छाया चित्र -- सुंदर अय्यर