Tuesday, September 20, 2022

यात्रा के दूसरे दिन का प्रारम्भ -- ओंकारेश्वर 2

05.09 22 -- यात्रा के दौरान हम लोग वैसे भी जल्दी उठ जाते हैं। असल में जितना अधिक हो सके उस स्थान की आत्मा, अलग- अलग पहरों में उसके भिन्न रंगों को आत्मसात करने की ललक रहती है,न। हाँ तो, नहा- धो कर हम लोग छत पर आ गए। रात हमने अंधियारे के सागर में रौशनी के द्वीप सरीखे ओंकारेश्वर के दर्शन किए थे और इस समय सामने था भोर के फूटते उजास में खिलते कमल सा ओंकारेश्वर। अभी सूर्य भगवान नेपथ्य में ही थे पर स्वर्णिम आभा ने बाअदब, बामुलाहजा की आवाज लगानी प्रारम्भ कर दी थी। प्रतापी सम्राट किसी भी पल राजसभा में पधारने वाले थे। मंदिरों से आती शंख, घंटो की मद्धम आवाजें हवा में लहरा रहीं थीं। हल्के उजियारे में नहाई नर्मदा की कोमल तन्वंगी काया मन पर चंदनी लेप कर रही थी। हम लोगों ने निश्चित किया था कि नाश्ता वगैरह ओंकारेश्वर भगवान के दर्शन के बाद ही करेंगे, सो हम लोग मंदिर की ओर चल पड़े। इस बार हम झूला पुल पर से हो मंदिर तक पहुंचे। यद्यपि अभी दर्शनार्थियों की संख्या अपेक्षाकृत कम थी फिर भी पर्याप्त आवा-जाही प्रारम्भ हो गई थी। पुल पर फूल, प्रसाद की दुकानें सज गईं थीं। हम लोगों ने भी पुष्प आदि लिए और गर्भगृह की ओर प्रस्थान किया। एक पंडित जी को साथ ले हमने भगवान को जल अर्पित करने का सौभाग्य प्राप्त किया। बड़ा सा चमचमाता काँसे का लोटा और जल आदि का प्रबंध पंडित जी ने ही किया था। हमने अपनी पहली पोस्ट में भी जिक्र किया था कि ओंकारेश्वर में प्रसाद-पुष्प आदि के मूल्य और पंडितों के व्यवहार से हम अत्यंत प्रभावित हुए थे और इन पंडित जी के आचरण ने भी हमारी धारणा को पुष्ट किया। मुख्य गर्भगृह मध्य वाली मंजिल में है।
वह मंजिल जिस पर ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर स्थापित है। वहाँ से कुछ सीढ़ीयाँ चढ़ कर एक गलियारा आता है जिसमें भगवान भैरव जी का स्थान है और एक स्थान पर शिवलिंग स्थापित हैं, जहाँ एक परिवार को पंडित जी कोई पूजा आयोजन करा रहे थे। इस गलियारे में दीवारों पर कुछ प्रचीन मूर्तियाँ मिलीं जो मंदिर की प्राचीनता की एक मात्र गवाह हैं,वरना तो समय और समय की माँग के साथ-साथ मंदिर में बहुत सा नवीनीकरण हो गया है, जो कि बहुत सी दृष्टि से आवश्यक भी है।
भैरव महाराज
मंदिर की बाहरी दीवार पर बनी एक प्रतिमा। यद्यपि वस्त्र आदि से अलंकृत होने के कारण पूर्णतया दिखलाई नहीं पड़ रही किंतु दीवार पर उकेरी गई प्रतिमा प्रचीन है, ऐसा पता लगता है।
मंदिर की बाहरी दीवार पर एक खंडित मूर्ति। थोड़ी और सीढ़ीयाँ चढ़ कर हम लोग मंदिर की सबसे ऊपरी मंजिल पर पंहुंचे। यहाँ पर भगवान महाकालेश्वर स्थापित हैं। इस मंजिल पर उस समय बहुत अधिक लोग नहीं थे। एक ओर गर्भगृह में शिवलिंग है और सामने दरवाजे के बाहर नंदी महाराज विराजमान हैं।
महाकालेश्वर का स्थान नंदी महाराज के पीछे खूब बड़ा खुला- खुला सा बरंडा है, जहाँ पंडितों द्वारा हवन आदि कराने की व्यवस्था हो जाती है और इस बरांडे के आखिरी सिरे पर चारदीवारी पर स्थापित है भोले बाबा के विराट त्रिशूल और डमरू। यहाँ हम लोगों को मिली नन्हीं वैष्णवी। बमुश्किल पाँच-छः वर्ष की वैष्णवी, चंदन के टीके की कटोरी ले कर घूम रही थी, यात्रियों को टीका लगाती। यद्यपि वैष्णवी से बात कर के अच्छा लगा पर उसके विद्यालय न जाने की बात सुन कर मन थोड़ा दुःखी हुआ। ऐसा नहीं है कि सारी समझदारी किताबी पढ़ाई करने से ही आती है, किंतु एक नीव तैयार हो जाय तो विवेक को जागृत होने के लिए हवादार वातायन तो मिलता ही है।
महाकाल के सम्मुख बड़ा- खुला बरांडा। यहाँ से चारों ओर का विहंगम दृश्य दिखता है और अपूर्व शांति का अनुभव भी होता है।
महाकाल वाले बरांडे में त्रिशूल
वैष्णवी के संग
बरांडे में रखी कुछ मूर्तियाँ
बरांडे से दिखता नर्मदा नदी, झूला पुल का मनभावन दृश्य और ओंकारेश्वर मंदिर के नीचे एक अनमोल खजाना है, जहाँ अधिकतर यात्री जाते ही नहीं हैं। नीचे उतर, बाहर से रास्ता है एक गुफा का जिसमें आदि शंकराचार्य ने तप किया था। वे रुके थे इस गुफा मे। आज भी गुफा में पुरानी मूर्तियाँ और स्तम्भ आदि हैं जिन्हें धातु के गर्डिल आदि से सहारा दे कर संरक्षित किया गया है। सारी गहमा-गहमी और बाजार के कोलाहल के बीच यह शीतल शांति द्वीप मन को ऊर्जावान तो कर ही गया साथ ही हम श्रद्धानत हो गए एक बार फिर उस महान व्यक्तित्व के सम्मुख जिसने कश्मीर से कन्याकुमारी तक हमारे देश को एक सूत्र में बाँध दिया था। कैसे यात्राएं की होंगी इस महान योगी ने उस समय? कितनी दृढ़ इच्छाशक्ति, कैसा तप? सच अद्भुत है हमारी माटी, कैसे- कैसे रत्नों की खान।
हम ओंकारेश्वर में मांधाता द्वीप की परिक्रमा नहीं कर पाए थे। सुना है दो मार्ग हैं परिक्रमा के एक बड़ा और एक छोटा। परिक्रमा पैदल ही की जा सकती है। कई पुराने और सुंदर मंदिर हैं इस मार्ग पर । काफी बड़ा मार्ग है और उतार- चढ़ाव वाला भी। मंदिर दर्शन के उपरांत हम लोग गेस्ट हाउस आए। नाश्ता किया और फिर निकल पड़े अपने अगले पड़ाव महेश्वर की ओर।
लौटते समय पुल से नर्मदा मैया का भव्य स्वरूप All photos by Sunder Iyer

Thursday, September 15, 2022

ओमकारेश्वर -- यात्रा का पहला दिन

हम लोगों ने अपनी ओंकारेश्वर यात्रा 03.09, 22 को प्रारम्भ की। 04. 09.22 को करीब साढ़े ग्यारह बजे हम लोग खंडवा पंहुच गए। स्टेशन के बाहर आते ही कई टैक्सी कैब वाले मिले। एक- एक कप चाय पी कर हम राजू भाटिया के साथ ओंकारेश्वर के लिए चल दिए। सड़क मार्ग पर निर्माण कार्य के चलते रास्ता थोड़ा धूल भरा था किंतु गाड़ी बहुत आरामदायक थी और हमें कोई परेशानी नहीं हुई। रास्ते भर बहुत सारी जानकारी देते हुए राजू ने हमें लगभग एक बजे ओंकारेश्वर पंहुचा दिया। उसने हमें अगले दिन ओंकारेश्वर से महेश्वर जाने के लिए एक दूसरे ड्राइवर का नम्बर भी दिया और साथ ही यह आश्वासन भी दिया कि यदि उनसे बात-चीत तय नहीं हो पाती तो हम उसे कॉन्टेक्ट करें, वह कोई न कोई प्रबंध खंडवा से ओंकारेश्वर आने वाले किसी ड्राइवर से बात कर के करवा देगा। हमारी बात उसके बताये व्यक्ति से हो गई थी अतः हमने उसे फोन नहीं किया किंतु उसने स्वयं ही फोन कर के हमसे पता किया कि हमारा महेश्वर जाने का प्रबंध हो गया या नहीं। आप कह सकते हैं कि इसमें ऐसा क्या खास है। य़ह तो उन लोगों का काम है, एक- दूसरे से संबंध बनाने के लिए वे यह सब करते रहते हैं। बात में तथ्य है। हम मानते हैं कि यह एक व्यवसायिक व्यवहार का मामला हो सकता है पर हम इसे दूसरे नजरिए से भी देखना पसंद करेंगे। आप नई जगह जाते हैं, नये लोगों से उनके क्षेत्र में मिलते हैं और वे आपके साथ आत्मीयता से पेश आते हैं, आपकी सुविधा- असुविधा के प्रति सचेत रहते हैं तो मन को अच्छा लगता है न। वो वसुधैव कुटुम्बकम् वाली अनुभूति होती है न। मन आश्वस्त सा हो जाता है। हाँ तो हम लोग ओंकारेश्वर पहुंच गए। मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग का गेस्ट हाउस ओंकारेश्वर की तीर्थ स्थलीय गहमा-गहमी से थोड़ा हट कर, थोड़ी ऊंचाई पर स्थित है। नहा- धो कर हम लोग मेन बिल्डिंग के डाइनिंग हॉल में दोपहर के भोजन के लिए पंहुचे। डाइनिंग ह़ॉल की बड़ी बड़ी खिड़कियों से नीचे बहती नर्मदा और उसके पार मान्धाता द्वीप पर बने मंदिर तथा अन्य इमारतों का विहंगम दृष्य स्पष्ट दृष्टिगोचर होता है। दूर परिक्रमा मार्ग में बनी विराट शिव प्रतिमा का पृष्ठ भाग भी दिखाई पड़ता है। div class="separator" style="clear: both;">
मध्य प्रदेश पर्यटन विश्राम गृह के डाइनिंग हॉल से नर्मदा के उस पार का दृश्य जब तक हम लोग लंच ले कर फ्री हुए हल्की बूंदा-बांदी प्रारम्भ हो गई थी पर एक तो यह हम लोगों की यात्रा का पहला पड़ाव था तो मन उछाह से उमग रहा था, दूसरे हमें ओंकारेश्वर से अगली सुबह ही निकल जाना था तो हमने समय को कमरे में बैठ बिताना उचित नहीं समझा और छतरी ले कर निकल पड़े, रिमझिम बारिश में भोले बाबा की नगरी का चक्कर लगाने। गलियों से निकलते, ढलान से उतरते हम जा पहुंचे नये पुल के एक छोर पर।
नये पुल से नर्मदा मैया के दर्शन पुल पर उस समय बहुत दुकानें नहीं थी पर एक दो फोटोग्राफर बरसाती के नीचे अपना साजोसामान ले कर जमें हुए थे। मात्र दस रुपए में फोटो का झटपट प्रिंट निकाल कर दे रहे थे। सुंदर के गले में बड़े से लेंस वाला डी,एस.एल आर देख एक ने कहा , 'सर एक फोटो हमसे खिचवा लीजिए यादगार के रूप में' और हमने भी सोचा हाँ क्यों नहीं।यादें बटोरने,अनुभव इकट्ठा करने ही तो निकले हैं न। सच, बड़ा आनंद आया फुहारों में भीगते फोटो खिंचवाने में।
दस रूपए में खिंचवाई गई फोटो का बारिश के रस संग सुख हम लोगों ने ओंकारेश्वर महादेव के दर्शन अगले दिन भोर में करने का निश्चय किया और वापस चल दिये ममलेश्वर महादेव के मंदिर की ओर। रास्ते में हमें एक प्राचीन विष्णु मंदिर मिला। किसी समय यह मंदिर शायद काले पत्थरों का बना होगा। वर्तमान में मंदिर सफेद पुता हुआ है किंतु शिखर का काला रंग अभी भी उसके प्रचीन होने की कहानी कह रहा था। इसके अतिरिक्त गर्भ गृह के समीप दोनों ओर की दीवारों पर बनी मूर्तियाँ भी मंदिर के प्रचीन होने की गवाही दे रहीं थीं। इस मंदिर में अधिक भीड़ नहीं थी। सामने नर्मदा के दर्शन हो रहे थे। दूर लोगों की आवाजाही चल रही थी। हमारी तरह कुछ और यात्री भी इस मंदिर में आ रहे थे फिर भी, भोले बाबा की नगरी में विष्णु भगवान का यह स्थान अद्भुत शांति में लिपटा था और मन को सुकून पहुंचा रहा था। विष्णु मंदिर का बाह्य दृश्य
विष्णु मंदिर परिसर में पुरानी मूर्तियाँ -- शंकर-पार्वती
मंदिर के खम्बों में आकृतियाँ
वहाँ से निकल कर पुल के रास्ते हम एक अन्य प्राचीन मंदिर तक भी पहुंचे। मंदिर बंद था किंतु शिवलिंग के दर्शन यहाँ भी हो गए। इस मंदिर से भी नर्मदा मैया के दर्शन होते हैं, किंतु यह मंदिर नर्मदा के किनारे काफी ऊंचाई पर बना है अतः द़ृश्यावलियाँ थोड़ी अलग अनुभूति जगाती हैं। एक मंदिर से दूसरे मंदिर तक जाते हुए किसी किसी स्थान पर पुल से नीचे झाँकने पर कुछ पुराने अवशेष, किसी पत्थर पर खुदी कोई आकृति, दरारों के बीच उग आई हरियाली के बीच कोई ढहता दरवाजा, सब जैसे गुहार लगाते हैं कि तनिक देर हमारे पास भी रुको, हमारे पास भी है बहुत सी कहानियाँ। div class="separator" style="clear: both;">
रास्ते में मिला, ऊंचाई पर बना शिव मंदिर
रास्ते के मंदिर में नंदी कुछ सुनते, कुछ गुनते हम चल दिए ममलेश्वर महादेव के मंदिर की ओर।दोनों ओर पूजन सामग्री, प्रसाद आदि की रंग-बिरंगी दुकानें सजी थी पर नोच-खसोट, चीख-पुकार नहीं थी। फूल प्रसाद आदि के मूल्य भी अत्यंत रीजनेबल थे। मंदिर परिसर के समीप पंडित आदि पूजा कराने के लिए पूछ रहे थे किंतु मना करने पर पीछे बिल्कुल नहीं पड़ रहे थे। और पूजा कराने के उनके चार्जेस भी अन्य तीर्थ स्थलों की तुलना में काफी कम थे। प्रसाद आदि ले कर हम लोगों ने भी शिव शंकर के दर्शन किये, जल अर्पण किया। इस मंदिर के प्रांगण में अन्य छः मंदिर भी हैं। माना जाता है कि मामलेश्वर महादेव को भी ज्योतिर्लिंग के समकक्ष मान्यता प्राप्त है, यद्यपि बारह ज्योतिर्लिंगों वाले श्लोक में इसका जिक्र नही आता। यह मंदिर भीड़ न होने की दशा में समय ले कर देखा जाने वाला मंदिर है। बताया जाता है इस मंदिर की पाँच मंजिल हैं और प्रत्येक मंजिल में शिवलिंग स्थापित हैं, हंला कि जिस समय हम लोग मंदिर गये थे केवल नीचे वाले गर्भगृह में ही शिवलिंग के दर्शन प्राप्त हुए थे। div class="separator" style="clear: both;">
div class="separator" style="clear: both;">
मामलेश्वर महादेव परिसर के चित्र यहाँ से दर्शन के पश्चात हम लोग मुख्य मार्ग की ओर आये और फिर मंदिरों से उल्टी दिशा में नर्मदा के किनारे- किनारे बढ़े और अंत में घरों की कतारों के बीच से निकल, नीचे उतर चट्टानों पर नर्मदा के किनारे एक शांत स्थान तक पहुंच गये। अब तक धूप ढल गई थी, नीचे नर्मदा बहुत वेग से प्रवाहित हो रहीं थीं। लहरों में भारी हलचल थी। दूर दोनों पुल दिखाई पड़ रहे थे। बाँध का बैराज भी नजर आ रहा था। छोटी बड़ी नावें इधर से उधर आ जा रहीं थीं।साँझ धीरे-धीरे पग धरती नर्मदा के जल में उतरती जा रही थी। मद्धम गति से बहती हवा के झोंके लहरों को दुलराते हुए थपकियाँ दे रहे थे। दूर कहीं कावेरी नर्मदा से मिल रही होगी पर उस समय जल स्तर बहुत ऊपर होने के कारण नावें संगम तक नहीं जा रहीं थीं।संगम तो नहीं देख पाये पर हम वहाँ बैठे कल्पना कर रहे थे कि कावेरी के जल पर कर्नाटक दावा करता है, नर्मदा मध्य प्रदेश वासी का अभिमान है। हम विभाजन में संलग्न रहते हैं और ये जीवन दायिनी धारायें हमारी तुच्छ मानसिकता को धता बताती अपनी- अपनी अस्मिता एक-दूसरे में विलय करती कैसे आल्हादित हो अपनी यात्रा निर्बाध गति से जारी रखती हैं अपने गंतव्य की ओर। साँझ गहराने लगी थी और हम लौट चले अपने गेस्ट हाउस की ओर।रात्रि भोजन में समय था अभी तो हम लोग गेस्ट हाउस की छत पर चले गये। नर्मदा को अंधियारे ने चादर उढ़ा दी थी किंतु दूर तलक अलग- अलग रंग और आकार की रौशनी के प्रतिबिम्ब जल में हौले- हौले डोल रहे थे। नदी के उस पार भी अंधेरा गहरा रहा था किंतु पुलों, इमारतों में जलती बत्तियाँ प्रकाश द्वीपों का संसार रच रहीं थीं। नदी के उस पार से धर्मशालाओं, मंदिरों आदि से भजन गायन, मंजीरा- ढोल वादन के स्वर हवा में तिरते हुए समूचे ओंकारेश्वर में गूंज रहे थे। मन- प्राण सब कैसे तो पावन हो रहे थे। ऐसा लग रहा था कि हमें चारों ओर से जकड़े हुए जो अनगिन जंजीरें हैं, आहिस्ता- आहिस्ता टूट कर गिर रही हैं। और ऐसी धूप- अगर सी मनःस्थिति में समाप्त हुआ हमारी यात्रा का पहला दिन।
All pictures @ by Sunder Iyer

Wednesday, January 22, 2020

गीत

भरी दोपहरिया जब देखी हमने बरगद की छाया
सच कहते हैं , साथ तुम्हारा हमको बेहद याद आया।

जलती धरती पर नंगे पैरों का सफर हो कितना भी लम्बा
रोम रोम शीतल कर जाय तेरे नेह की गंगा

भाग के आये तेरी छाया जब जब मन घबराया
साथ तुम्हारा हमको.........

बिन छत की दीवारों से होते गर न तुमको पाते
कैसे फिर करते बोलो मरू में भी पलास की बातें

इसीलिए तो कहते हैं, तुमसे है जीवन पाया
साथ तुम्हारा हमको.......

बसंत गीत 2

बसंत ने गुनगुनाया एक गीत प्रेम का


रंगों भरी गागरिया कांधे पर लादे
थिरक थिरक नाचे धरती गलियों औ चौबारे

चटका पलाश और रच गया एक गीत प्रेम का
बसंत ने.....


फूली सरसों के संग उमगे गोरी का मन
देहरी की ओट तके रतनारे नयन

महका पवन और लिख गया एक गीत प्रेम का
बसंत ने........

बसंत गीत

लोगों को बौरा जाता है, महुये का मादक रस
मुझको तो पागल करता है, फूली सरसों का आंचल।

सोंधी माटी की महक मन प्राणों पर छाती
खनकती हवा बस यादें तेरी ही लाती

गुनगुनाते खेतों की धुन पर शोग मचाती पायल
मुझको तो पागल करता..........

दूर तलक फैला बासंती वातायन
मेरे तन पर लिपटी तेरी चाहत का रंग

जलपाखी बन साधें करती हलचल
मुझको तो पागल करता है........

Sunday, December 15, 2019

पृथ्वी के छोर पर--- डा. शरदिन्दु मुखर्जी





पृथ्वी के छोर पर, डा. शरदिन्दु मुखर्जी की अंटार्कटिक यात्राओं के उनके अनुभव.....नहीं, हम इस पुस्तक की समीक्षा नहीं लिख रहे हैं। समीक्षाओं पर मेरा बहुत विश्वास भी नहीं है। मुझे लगता है, प्रत्येक पुस्तक को विभिन्न पाठक अलग अलग प्रकार से ग्रहण करते हैं और यह निर्भर करता है उनकी अपनी रूचि, अपने दृष्टिकोण, अपनी संवेदनाओं पर। तो मैं भी यहां बस यही साझा करूंगी कि मैंने इस पुस्तक से क्या पाया, इसे मैंने कैसे जिया।
डा. मुखर्जी ने अंटार्कटिका की यात्रायें एक भूवैज्ञानिक की हैसियत से की अतः पुस्तक में हमारे देश के विभिन्न अंटार्कटिका अभियान, उनसे सम्बंधित तैयारियां, प्रशिक्षण और उपलब्धियों सम्बंधी प्रचुर जानकारी है, जिनका ज्ञान हमें देश का नागरिक होने के नाते होना चाहिए, लेकिन होता नहीं है। अमूमन इस प्रकार की किसी भी विशिष्ट क्षेत्र सम्बंधी उपलब्धि के सम्बंध में हमारी जानकारी मात्र उपलब्धि की हेडलाइन तक ही सीमित रहती है किंतु इस पुस्तक को आद्योपांत पढ़ने के पश्चात् मुझे लगा कि गूढ़ तकनीकी संदर्भों को छोड़ कर किसी भी अभियान के नेपथ्य में लगातार किये गये परिश्रम और तैयारी का भी हम आम नागरिकों को ज्ञान होना चाहिए। हम उस उपलब्धि का वास्तविक मूल्य तभी समझ पाने में सक्षम होंगें। इस पुस्तक का सबसे सुखद पहलू यह है कि इन समस्त
जानकारियों का उल्लेख बीच बीच में इस प्रकार किया गया है कि ये कहीं पर भी यात्रा वृत्तांत की रोचकता में बाधा नहीं उत्पन्न करती और इसका श्रेय मेरी राय में जाता है डां. शरदिन्दु के भीतर के लेखक को, जिसे हर प्रकार के पाठक को बांध लेना, उनकी रुचियों का ख्याल रखना आता है।
इस पुस्तक ने आनंदित किया मेरे भीतर के उत्सुक विद्दयार्थी को। हिम के रूप, आइस फ्लोस, शेल्फ आइस, फास्ट आइस हों या पॉलिनिया, शिर्माकर ऑएसिस, प्रियदर्शिनी झील,नुनाटक, ग्रूबर पहाड़ जैसे स्थान कल्पना के कोरे पन्ने पर जैसे जैसे चित्र आकार लेते रहते, मेरा मन उन सबके विषय में और जानने को उत्सुक होता रहता। अंटार्कटिका की यह दुनिया तो बिल्कुल अलग ही है न। वैसे भी प्रकृति वह भी निर्जन हमें हमेशा से आकर्षित करती है फिर यह परिदृश्य तो मेरी कल्पना से भी परे एक नये लोक का कपाट खोल रहे थे मेरे लिए और हमें यह भी पता था कि यह कोई कल्पना लोक नहीं मेरी अपनी धरती का ही हिस्सा है। हवा में उल्टा लटका जहाज हो या दूर दूर तक कुछ भी, कोई भी न होने के बावजूद गाड़ी की जलती लाइट, प्रकृति की जादूगरी और उनका वैज्ञानिक स्पष्टीकरण, बहुत कुछ है सीखने को इस पुस्तक में।
  य़े संस्मरण हमें मनुष्य और उसके भीतर की अपार संभावनाओं के विषय में भी बहुत कुछ बताते चलते हैं। हिम आच्छादित अंटार्कटिका की बर्फीली हवाओं,जोखिम भरे परिवेश में महीनों व्यतीत करना, जहां न जाने किसने पलों में मृत्यु जैसे सामने खड़ी दिखायी दे, समय ही मात्र नहीं व्यतीत करना अपने अपने हिस्से के कर्त्तव्यों का सफलता पूर्वक निर्वहन भी करना, मनुष्य की क्षमताओं पर हमारा विश्वास बढ़ाते हैं। प्रेरणादायी हैं ये संस्मरण । एक और बात जो हमे समझ में आयी, जहाज पर समुद्री यात्रा प्रारम्भ करने से पूर्व हुआ सांस्कृतिक आयोजन हो या अंटार्कटिका की भूमि पर सांस्कृतिक सामूहिक आयोजन इन सबका एक विशिष्ट उद्देश्य है। उत्स्वधर्मिता मनुष्य के मनुष्य होने में समाई हुई है। उत्सव पर्वों का आयोजन मात्र व्यवहारिकता नहीं है, वह अपरिहार्य है, मनुष्य को मनुष्य बनाये रखने के लिए, उसके भावानात्मक संतुलन के लिए। हम जब प्रकृति के सान्निध्य में होते हैं और वह भी अत्यंत सीमित संसाधानों में अपने को बचाये रखने का संघर्ष करते हुए तो हमारा मन, व्यक्तित्व अपने सर्वाधिक सुंदरतम स्वरूप में होता है, निर्मल और पावन।  भौगोलिक सीमाओं से परे बस मनुष्य हो मनुष्य से जुड़ना, विपत्ति में एक दूसरे के काम आना, ऐसे ही कितने उद्धरण हैं इस पुस्तक में जिनसे गुजरते समय मेरा मन एक अवर्चनीय सुख से भर उठता था।
 और इन सबके साथ है, समुद्री यात्रा से ले कर अंटार्कटिका की भूमि तक के मनोहारी प्राकृतिक दृश्यों का शरदिन्दु जी द्वारा वर्णन। खुला खुला दूर दूर तक फैला नीला, हरा सागर, सागर में तिरते छोटे -बड़े अनगिनित ग्लेशियर, द्वीप, दूर तक फैली बर्फ की चादर, पक्षी, चमकती भोरें, धवल ज्योत्सनामयी रातें, बर्फ पर सूरज की चित्रकारी, ऐसे विलक्षण और अनुपम दृश्यों का वर्णन है कि मैं कब बाहर की यात्रा से विलग हो भीतर की यात्रा पर चल पड़ती पढ़ते पढ़ते मुझे खुद ही नहीं पता चलता।
गरज यह कि आपकी रुचि कुछ भी हो, भौगोलिक, वैज्ञानिक तथ्यों की, प्रकृति के बिलकुल ही अलग विलक्षण दृश्यों की, मानव मन एवं मानव प्रकृति के प्रेरणादायी प्रसंगों की, पृथ्वी के छोर सच में आपको एक अलग ही तरह के अनुभवों से गुजरने का अवसर प्रदान करती हैं।






Tuesday, September 24, 2019

निर्मल वर्मा के बहाने एक याद


''नहीं जी, नाम वहीं लिखे जाते हैं, जहां आदमी टिक कर रहे- तभी तो घरों के नाम होते हैं, या फिर कब्रों के।" निर्मल वर्मा, 'कव्वे और काला पानी' से।
लेकिन घर भी मकान हो जाते हैं और फिर बहुत धीरे धीरे तब्दील हो जाते हैं खंडहरों में, भीतर बाहर सब और नाम बेसबब सा खुदा रह जाता है। कई बरस पहले की याद चमक गयी मन में जब हमने कब्रों को घर होते देखा था। नहीं , चले गये लोगों का तो घर होती ही हैं कब्रें। हमने तो उन्हें जिंदगी से सराबोर घरों में तब्दील होते देखा है।


उन दिनों हमारी पोस्टिंग आगरा में थी और हमने एक नयी बनती , बसती कॉलोनी में घर लिया था। रिक्शे से बैंक आते जाते रास्ते में एक बहुत बड़ी मैदान सी जगह में कुछ कच्ची- पक्की कब्रें बिखरी हुई थीं। काफी बड़े- बड़े छायादार पेड़ भी थे बीच बीच में। कोई बाउंड्री न होने के कारण सब कुछ साफ दिखता था। पैदल आने -जाने की पगडंडियां भी बन गयीं थीं और कुछ घुमंतु प्रजाति के लोग जो जगह जगह तम्बू लगा कर रहते थे और अपने अपने हुनर के हिसाब से काम भी करते थे , वे भी अक्सर अपने तम्बू बीच की खाली जगहो में लगा लिया करते थे। इसमें छोटे स्तर पर मिट्टी के खिलौने बनाने वाले होते थे, साइकिल के पहिए के बीच में लगने वाले हरे, लाल, पीले रंगों के ब्रश के बाल जैसे सजावटी सामान बनाने वाले होते थे और भी उन दिनों प्रचलित बर्तन में कलई, जड़ी बूटी, नट आदि किस्म किस्म के काम करने वाले लोग रहते थे। जिंदगी अपनी पूरी रौ में बहती थी। कुछ कब्रें साबुत थी, पक्की, चार खम्बों , पक्की छत और ऊंचे चबूतरे वाली। इन्हीं में से किसी में कभी- कभी बँधा रहता था धोती से बनाया गया पालना और आराम से सोता था नवजात शिशु। उसकी मां भी जैसे निश्चिंत हो जाती थी उसे किसी बुजुर्ग के साये में सौंप और करती रहती थी अपने काम काज, कभी घन चलाना, कभी टिक्कड़ सेंकना। माटी के नीचे जो भी होगा, अच्छी लगती होंगी न उसे भी उगती जिंदगी नरम- गरम सांसें। अक्सर देखा था, अंधियारा घिर जाने के बाद, वहीं पास चूल्हे की आग सुलगती थी, अम्मा को घेर बच्चे बैठे रोटी खा रहे होते, तो कब्र के सिहराने जल रहा होता एक दिया। कितनी अच्छी रीत थी न, जलाने वाली को नहीं मालूम होता था कौन था, कब चला गया था, कैसे गया था, उसे तो इतना मालूम था कि इनकी छत तले उसके बच्चे बारिश होने पर भीगते नहीं थे, जेठ के ताप से भी बचते थे और पूस की रात आसमान से झरती ठंड से भी। सो जोत जगाये रखना तो उसका धर्म बनता था न।
मृत्यु की ऐसी निस्संग स्वीकृति, जीवन और मृत्यु का यूं हाथ थामे चलना कैसी तो आश्वस्ति देता है मन को।

पेड़ के तने पर खोद कर, ऐतिहासिक इमारतों में जहां तहां उकेर कर, चट्टानों पर लिख कर या फिर घर और कब्र पर ही लिख कर नाम, भला कौन सी अमिट छाप छोड़ पाने का मोह पाले रहते हैं हम। शाश्वत तो जीवन तभी होता है जब वह खुद को मृत्यु का ही एक हिस्सा मान लेता है।



छाया, सुंदर अय्यर